spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

पुलिस वाहन की बाइक से टक्कर, तीन युवकों की मौत

– गोंदिया में भड़का आक्रोश, टायर जलाकर रोका यातायात, पुलिस चालक निलंबित

गोंदिया, संवाददाता :- गोंदिया जिले में बुधवार रात पुलिस वाहन और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर यातायात रोक दिया और पुलिस वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस चालक को निलंबित कर दिया गया। यह दुर्घटना रात करीब 10.30 बजे गोंदिया-तिरोड़ा मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-753 स्थित दांडेगांव बस स्टैंड के पास हुई। मृतकों की पहचान खलबंदा निवासी रितेश बावनकर (17), शिवप्रसाद कांबले (17) और तिरोड़ा तहसील के सेजगांव निवासी कार्तिक बिसेन (20) के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में पुलिस वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस नियंत्रण कक्ष को 112 नंबर पर सूचना मिली थी कि कुछ लोगों ने दो संदिग्ध चोरों को पकड़ रखा है और वहां कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसके बाद पुलिस वाहन सेजगांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान दांडेगांव के पास उसकी मोटरसाइकिल से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही खलबंदा और सेजगांव के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस वाहन शामिल होने के कारण इस घटना को सामान्य सड़क दुर्घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। बॉक्स…

विरोध प्रदर्शन पूरी रात जारी रहा

शुरुआत में पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया था। हालांकि, मृतक के एक परिजन की शिकायत के आधार पर पुलिस वाहन चालक अमित महुले (40) के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मृत्यु का कारण बनने का मामला दर्ज किया गया। गुरुवार सुबह उसे निलंबित भी कर दिया गया। गोंदिया के पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।

Popular Articles