spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

नागपुर में ड्रग्स नेटवर्क पर शिकंजा

– 1.75 करोड़ की एमडी जब्त, सक्करदरा-कोतवाली में एक साथ छापेमारी, 3 गिरफ्तार

नागपुर :- तेलंगाना पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर नागपुर क्राइम ब्रांच ने शहर में ड्रग्स तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सक्करदरा और कोतवाली इलाके में एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 1 करोड़ 75 लाख रुपये कीमत की 1 किलो 673 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स जब्त की है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पांच अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अगस्त महीने में तेलंगाना पुलिस ने ड्रग्स के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 27 किलो मेफेड्रोन, जिसकी कीमत करीब 54 करोड़ रुपये बताई गई, और ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाला 40 किलो एसीटोन जब्त किया था। इस मामले की जांच में नागपुर कनेक्शन सामने आया था। तेलंगाना पुलिस ने नागपुर के चेतन मधुकर मेश्राम (49) और आकाश अशोक गावंडे (31) को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा गोपाल सिरपत पटेलिया और चंदा प्रदीप ठाकुर सहित अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया था। इसी नेटवर्क की जांच के दौरान नागपुर में सक्रिय ड्रग्स तस्करों की जानकारी सामने आई। तेलंगाना पुलिस ने नागपुर क्राइम ब्रांच के डीसीपी दीपक अग्रवाल को इसकी सूचना दी। इसके बाद उनके नेतृत्व में पुलिस टीमों ने कार्रवाई शुरू की।

सबसे पहले सक्करदरा के सोमवारी क्वार्टर इलाके में छापा मारकर शेख रफीक अब्दुल सत्तार को गिरफ्तार किया गया। उसके घर से 132 ग्राम एमडी बरामद हुई। जांच में सामने आया कि प्रतीक कदम ने रफीक से भी एमडी खरीदी थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच यूनिट-3 ने कोतवाली के साने गुरुजी उद्यान परिसर में छापा मारा। यहां से दसरा रोड, कोतवाली निवासी प्रतीक कदम और अब्दुल आरिफ अब्दुल रफीक (24) को हिरासत में लिया गया। उनके पास से करीब 1 किलो 493 ग्राम एमडी जब्त की गई।

कई इलाकों तक फैला था सप्लाई नेटवर्क

पुलिस जांच में पता चला कि प्रतीक कदम ने गणेशपेठ के सारंग सुरेश उघड़े को 50 ग्राम और यशोधरानगर के रोहित गणेश डेकाटे को 20 ग्राम एमडी सप्लाई की थी। वहीं, सारंग के जरिए कोतवाली के मांगपुरा इलाके की उषा महतो और राजेश्वरी महतो तक भी एमडी पहुंचाई जा रही थी। जांच में राजस्थान का अक्की प्रतीक का ड्रग्स सप्लायर होने की जानकारी भी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की सप्लाई चेन खंगाल रही है। फरार आरोपियों की तलाश के साथ यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह ने नागपुर सहित विदर्भ के अन्य जिलों में कितनी मात्रा में एमडी की सप्लाई की है।

Popular Articles