– सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक जगहों को अतिक्रमणमुक्त करने का आह्वान
नागपुर :- शहर की सड़कों, फुटपाथों, चौराहों और सार्वजनिक जगहों पर बढ़ते अवैध अतिक्रमण से यातायात बाधित होने के साथ ही पैदल चलने वालों को परेशानी हो रही है। इसे गंभीरता से लेते हुए नागपुर महानगरपालिका ने अतिक्रमणकारियों से खुद ही अतिक्रमण हटाने की अपील की है। मनपा आयुक्त डॉ. विपिन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर महाराष्ट्र महानगरपालिका अधिनियम 1949 की धारा 226, 229, 230 और 231 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
मनपा की कार्रवाई के दायरे में सड़कों और फुटपाथों पर अवैध रूप से लगाए गए दुकान, टपरी, शेड, मंडप, हाथठेले, फेरीविक्रेताओं के स्टॉल, विज्ञापन बोर्ड, बेंच, कुर्सियां, बिक्री का सामान और निर्माण सामग्री सहित सभी स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण शामिल हैं। प्रशासन ने दुकानदारों, हाथठेला संचालकों, फेरीवालों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सार्वजनिक रास्तों एवं फुटपाथों से अपना सामान और अवरोध तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। मनपा की अनुमति के बिना सड़क, फुटपाथ, चौराहे, नाले और सार्वजनिक खुली जगहों पर किसी भी तरह का निर्माण या सामान रखना प्रतिबंधित है।
विशेष निष्कासन अभियान चलाएगी मनपा
निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ मनपा विशेष निष्कासन अभियान चलाएगी। इसके तहत कानूनी प्रावधानों के अनुसार अतिरिक्त नोटिस दिए बिना हाथठेले, स्टॉल और अन्य अवरोध हटाकर जब्त किए जा सकते हैं। अतिक्रमण हटाने पर होने वाला खर्च, निर्धारित जुर्माना और अन्य शुल्क संबंधित व्यक्ति से वसूला जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर फौजदारी और अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
मनपा ने सभी दुकानदारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और फेरीविक्रेताओं से अपील की है कि कार्रवाई से बचने के लिए स्वयं अतिक्रमण हटाकर शहर को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और अतिक्रमणमुक्त बनाने में सहयोग करें।






