– इटली के 2 लोगों की मौत, मलबा गिरने से गई जान
कुवैत सिटी :- ईरान ने गुरुवार को कुवैत पर ड्रोन हमला किया। इस हमले में इटली के 2 नागरिकों की मौत हो गई है। कुवैत के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, सेना ने ड्रोन को हवा में ही मार गिराया था, लेकिन चार लोग उसके मलबे की चपेट में आ गए। एक पाकिस्तानी और एक कुवैती नागरिक भी घायल हुए हैं। इटली के विदेश मंत्रालय ने बताया कि मारे गए दोनों नागरिक एयर डिफेंस टेक्नीशियन थे। वे कुवैत में एक डिफेंस कंपनी के लिए काम कर रहे थे और रडार सिस्टम के रखरखाव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
कुवैत में इटली के करीब 400 सैनिक भी तैनात
कुवैत में इटली की सैन्य मौजूदगी भी है। कुवैत में इटली के राजदूत लोरेंजो मोरिनी ने 4 नवंबर को बताया था कि वहां करीब 400 इटली के सैनिक तैनात हैं। इनमें से ज्यादातर एक एयरबेस पर तैनात हैं। राजदूत के मुताबिक, ईरान युद्ध के दौरान इटली के सैनिकों को कई हफ्तों तक बंकरों और सुरक्षित ठिकानों में रहना पड़ा था। इसके बावजूद उन्होंने कुवैत में अपनी तैनाती जारी रखी।
ईरान पर कभी भी हमला कर सकता है इजराइल
इजराइल ईरान पर कभी भी हमला कर सकता है। इजराइली सेना ने गुरुवार को कहा कि वह अमेरिका की मदद के बिना भी ईरान पर पूरी ताकत से सैन्य कार्रवाई करने को तैयार है। सेना के प्रवक्ता एफी डिफ्रिन ने सरकारी ब्रॉडकास्टर कान से कहा कि सेना हालात पर नजर रख रही है और किसी भी वक्त हमला कर सकती है।
इराक में हथियार और लड़ाके जुटा रहे ईरान समर्थित गुट
ईरान समर्थित हथियारबंद गुट इराक में सैन्य तैयारी बढ़ा रहे हैं। इराकी अखबार अल-मदा के मुताबिक, कताइब हिजबुल्लाह ने पश्चिमी इराक में हथियार और सैन्य उपकरण पहुंचाए हैं।
इसके अलावा कताइब हिजबुल्लाह ने नए ठिकाने भी बनाए हैं और अतिरिक्त लड़ाके तैनात किए हैं। माना जा रहा है कि यह तैयारी ईरान पर अमेरिका के संभावित हमले को देखते हुए की जा रही है।





