– गंभीर मरीजों के इलाज के लिए जुटेगा अतिरिक्त फंड
मुंबई :- आर्थिक रूप से कमजोर और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता निधि को सोशल स्टॉक एक्सचेंज पर पंजीकृत किया गया है। इससे जरूरतमंद मरीजों के इलाज के लिए अतिरिक्त आर्थिक संसाधन जुटाने का रास्ता खुलेगा। इस पहल के माध्यम से कॉरपोरेट कंपनियों, बड़े दानदाताओं, फाउंडेशन और सामाजिक संस्थाओं को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े जनकल्याणकारी कार्यों में भागीदारी का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री सहायता निधि के माध्यम से राज्य में हृदय रोग, कैंसर, किडनी, लिवर, मस्तिष्क संबंधी बीमारियों और अन्य गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को आर्थिक सहायता दी जाती है। पिछले कुछ वर्षों में सहायता के लिए आवेदन करने वाले मरीजों की संख्या बढ़ने से उपलब्ध निधि पर दबाव भी बढ़ा है। ऐसे में सोशल स्टॉक एक्सचेंज के माध्यम से धन जुटाने के विकल्पों का विस्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
क्या है सोशल स्टॉक एक्सचेंज?
सोशल स्टॉक एक्सचेंज सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यों के लिए धन जुटाने का एक विनियमित मंच है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर सेबी के नियमन के तहत यह सुविधा उपलब्ध है। इसके माध्यम से पात्र गैर-लाभकारी संस्थाएं जीरो कूपन जीरो प्रिंसिपल (जेडसीजेडपी) जैसे वित्तीय माध्यमों से सामाजिक उद्देश्यों के लिए धन जुटा सकती हैं। इससे दानदाताओं को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से सामाजिक कार्यों में योगदान देने का अवसर मिलता है।
दुर्लभ बीमारियों और महंगी सर्जरी पर रहेगा जोर:
मुख्यमंत्री सहायता निधि एवं धर्मादाय अस्पताल सहायता कक्ष के प्रमुख रामेश्वर नाईक के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर निधि का सोशल स्टॉक एक्सचेंज पर पंजीकरण कराया गया है। आगामी समय में दुर्लभ बीमारियों, महंगे उपचार और अत्याधुनिक सर्जरी से जुड़े खर्च के प्रस्ताव भी इस मंच पर दर्ज किए जाएंगे।
इस पहल का उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण किसी भी जरूरतमंद मरीज का उपचार बीच में रुकने से बचाना है। सोशल स्टॉक एक्सचेंज के माध्यम से मिलने वाला अतिरिक्त आर्थिक सहयोग गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए राहत का माध्यम बन सकता है।






