– खाना-पानी नहीं मिलने से जान गई
मैड्रीड :- स्पेन के कैनरी आइलैंड्स के पास शुक्रवार को समुद्र में प्रवासियों से भरी एक नाव में 15 लोगों के शव मिले। नाव का इंजन खराब होने के बाद करीब 100 लोग 3 दिन तक समुद्र में फंसे रहे।
स्पेनिश मीडिया के मुताबिक, इस दौरान खाना-पानी खत्म होने पर कुछ लोगों ने प्यास बुझाने के लिए समुद्र का खारा पानी पी लिया। इससे उनके शरीर में पानी की कमी हो गई और लोगों की जान चली गई। 6 लोगों की हालत गंभीर है। उन्हें हेलिकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया है। नाव में सवार बाकी लोगों को भी रेस्क्यू किया गया। यह नाव पश्चिम अफ्रीकी देश गाम्बिया से यूरोप पहुंचने की कोशिश कर रहे प्रवासियों को लेकर जा रही थी।
72 किलोमीटर दूर से नाव को खींचकर बंदरगाह लाया गया
स्पेन की समुद्री बचाव टीम को यह नाव कैनरी आइलैंड के एल हिएरो द्वीप से करीब 72 किलोमीटर दक्षिण में मिली थी। इसके बाद नाव को खींचकर ला एस्टाका बंदरगाह ले जाया गया। वहीं, एक दूसरी नाव से बचे हुए प्रवासी सुरक्षित एल हिएरो द्वीप के ला रेस्टिंगा बंदरगाह पहुंचे। यहां प्रवासियों के रहने और इलाज के लिए सेंटर बनाया गया है।
यूरोप पहुंचने का अहम रास्ता है कैनरी आइलैंड्स
कैनरी आइलैंड्स अटलांटिक महासागर में अफ्रीका के उत्तर-पश्चिमी तट के पास है। यह स्पेन का हिस्सा है। पश्चिमी अफ्रीका के कई देशों से प्रवासी समुद्र के रास्ते यहां पहुंचने की कोशिश करते हैं। यहां पहुंचने के बाद वे स्पेन और यूरोपीय संघ में दाखिल हो जाते हैं। 2024 में 46 हजार से ज्यादा प्रवासी यहां पहुंचे थे। यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा था। बाद में समुद्र में निगरानी बढ़ाने और दूसरे देशों के साथ मिलकर काम करने से प्रवासियों की संख्या कम हुई।






