spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

चैटजीपीटी से बनाई MBBS की फर्जी डिग्री

– 6 महीने तक जीएमसी में डॉक्टर बनकर की नौकरी

नागपुर :-  एआई एप्लीकेशन चैटजीपीटी का इस्तेमाल कर एमबीबीएस की फर्जी डिग्री का प्रमाणपत्र तैयार किया जा सकता है। इसका चौंकाने वाला मामला नागपुर में सामने आया है। जीएमसी में फर्जी डॉक्टर बनकर 6 महीने तक नौकरी करने वाली चंदा वानखेड़े के मामले की जांच में यह खुलासा हुआ। मुक्त विश्वविद्यालय का केंद्र चलाने वाले सुमंत सावरकर ने चैटजीपीटी की मदद से एमबीबीएस का फर्जी प्रमाणपत्र तैयार कर चंदा को दिया था। इसके लिए उसने चंदा से 60,000 रुपये लिए थे। खास बात यह है कि इस प्रमाणपत्र पर किसी दूसरे डॉक्टर का मेडिकल रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज किया गया था। अजनी पुलिस की पूछताछ में इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। फर्जी प्रमाणपत्र तैयार करने वाले आरोपी का नाम सुमंत सावरकर (42) और फर्जी डॉक्टर महिला का नाम चंदा वानखेड़े बताया गया है। दोनों अजनी पुलिस थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

चंदा ने एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने का दावा करते हुए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसी) में डॉक्टर की नौकरी हासिल की थी। चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संचालनालय, मुंबई की ओर से उसकी नियुक्ति की सिफारिश की गई थी। खुला प्रवर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित पद पर उसकी 364 दिनों के लिए अस्थायी नियुक्ति की गई थी। नौकरी हासिल करने के लिए चंदा ने महाराष्ट्र स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, नाशिक से उक्त डिग्री प्राप्त करने संबंधी दस्तावेज पेश किए थे। इनमें डिग्री प्रमाणपत्र, अंतिम वर्ष की अंकसूची, स्थानांतरण प्रमाणपत्र, इंटर्नशिप पूरी करने का प्रमाणपत्र, अस्थायी डिग्री प्रमाणपत्र और महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल का पंजीकरण प्रमाणपत्र शामिल था। इन दस्तावेजों के आधार पर वह करीब 6 महीने तक जीएमसी में डॉक्टर के रूप में कार्यरत रही।

रजिस्ट्रेशन नंबर से खुला फर्जीवाड़ा

जीएमसी प्रशासन की ओर से आंतरिक सत्यापन के दौरान चंदा के मेडिकल रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच की गई। यह नंबर किसी दूसरे डॉक्टर के नाम पर दर्ज होने की बात सामने आने के बाद प्रशासन का संदेह गहरा गया। आगे की जांच में उसकी एमबीबीएस डिग्री का प्रमाणपत्र और अंतिम वर्ष की अंकसूची भी फर्जी पाई गई। इसके बाद मेडिकल के डीन ने अजनी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

Popular Articles