– बिजली के फीडर पिलर में शॉर्ट सर्किट, समय रहते स्थिति पर पाया काबू
मुंबई :- मुंबई के प्रसिद्ध ‘लालबागचा राजा’ गणेश पंडाल में रविवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब पंडाल परिसर में लगे बिजली के फीडर पिलर में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु लालबागचा राजा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में पंडाल परिसर में बिजली के फीडर पिलर में शॉर्ट सर्किट की घटना से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं। संबंधित टीम ने तत्काल कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित किया। इससे पहले रविवार सुबह मुंबई में एक अन्य गणेश पंडाल के पास करंट लगने की घटना में 8 वर्षीय बच्ची और एक महिला की मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच गणेश पंडालों में बिजली व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सतर्कता बढ़ाने की जरूरत सामने आई है।





