– दूसरा नवजात भी बरामद
भंडारा :- नवजात शिशु बिक्री प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ नए खुलासे लगातार सामने आ रहे हैं. जिला बाल कल्याण समिति और भंडारा पुलिस ने दिसंबर माह में बेचे गए दूसरे नवजात को अपने कब्जे में ले लिया. बताया जा रहा है कि इस शिशु का सौदा 4.70 लाख में हुआ था. नवजात को जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उपचार के नाम पर शिशु बिक्री का मामला 3 फरवरी को बाल कल्याण समिति की सतर्कता से उजागर हुआ था. वरठी थाने में मामला दर्ज के बाद जांच में गोंदिया स्थित न्यू बालाजी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. नितेश बाजपेयी को मुख्य सूत्रधार पाया गया. उनके सहित पांच अन्य आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया था. डॉ. नितेश बाजपेयी समेत पांच लोग गिरफ्तार हो चुके हैं. पुलिस ने मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले एक आरोपी को पहले ही हिरासत में लिया था. 21 फरवरी की रात मोहाडी के मोहगांवदेवी क्षेत्र से नवजात को बरामद किया गया. शिशु खरीदने वाले मूलतः मोहदूरा के निवासी बताए जाते हैं.




