– स्वास्थ्य और सौर ऊर्जा पर सरकार को घेरा
नागपुर :- महाराष्ट्र विधानमंडल के मानसून सत्र के दौरान विधान परिषद में सदस्य कृपाल तुमाने ने सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं नगर विकास विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने राज्य में केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पैलिएटिव केयर तथा प्राकृतिक चिकित्सा की सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस पर सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने सदन को राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने कृपाल तुमाने द्वारा दिए गए सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया। इसके अलावा कृपाल तुमाने ने नगर विकास विभाग के अंतर्गत आने वाली स्थानीय स्वशासी संस्थाओं में सौर ऊर्जा उत्पादन परियोजनाओं के लिए दी जाने वाली सहायक अनुदान योजना का मुद्दा भी सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान नीति के अनुसार स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के लिए स्वयं का अंशदान (स्व-हिस्सा) देना अनिवार्य है, लेकिन अधिकांश संस्थाओं की आर्थिक स्थिति को देखते हुए वे इस योजना में अपेक्षित रुचि नहीं ले पा रही हैं। इस पर प्रभारी मंत्री उदय सामंत ने सदन को आश्वस्त किया कि इस नीति में आवश्यक बदलाव की संभावनाओं का अध्ययन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगरपालिका प्रशासन के संचालक को इस संबंध में समिति गठित करने के निर्देश दिए जाएंगे। समिति यह भी अध्ययन करेगी कि क्या इस योजना को पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकता है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक निर्णय और आगे की कार्रवाई की जाएगी।




