spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

राज्य के 30 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी

– नागपुर में येलो अलर्ट जारी, गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का आशंका

मुंबई/नागपुर, संवाददाता :-  महाराष्ट्र में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है।

राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए राज्य के 30 जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यावश्यक कार्य के अलावा घर से बाहर निकलने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के दो जिलों के लिए रेड अलर्ट, नौ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 19 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही अगले दो से तीन दिनों तक कई क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

कोंकण क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार तेज बारिश हो रही है। रायगढ़ जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पालघर, ठाणे, मुंबई और रत्नागिरी जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कों पर जलभराव हो गया है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है और जनजीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया है।

पुणे, सातारा और कोल्हापुर के घाट क्षेत्रों में भी बारिश का जोर बढ़ गया है। पुणे घाट क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट, जबकि सातारा और कोल्हापुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। मराठवाड़ा के छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, बीड और हिंगोली जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। उत्तर महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। विदर्भ में अकोला, अमरावती और बुलढाणा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ भारी बारिश की संभावना है। वहीं गोंदिया, नागपुर और वर्धा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां गरज-चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की सलाह का पालन करें। विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक पूरे महाराष्ट्र में मानसून सक्रिय रहेगा और कई जिलों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.