spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

पुलिस के कब्जे से भैंसों से भरा ट्रक ले भागे तस्कर

– चालक और क्लीनर गिरफ्तार, ट्रक जब्त

नागपुर :- जबलपुर नागपुर आउटर रिंग रोड पर पशु तस्करों के दुस्साहस की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। करीब दर्जन भर तस्करों ने एक प्राणी संरक्षण अधिकारी की पिटाई कर दी और मौके पर मौजूद पुलिस टीम के कब्जे से भैंसों से भरा ट्रक ले गए। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा रहा। हुड़केश्वर पुलिस ने मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

हुड़केश्वर आउटर रिंग रोड की घटना : प्राणी संरक्षण अधिकारी राम नंदनवार को सूचना मिली कि, पशुओं की अवैध तस्करी की जा रही है। रविवार – सोमवार की दरमियानी रात उन्होंने हुड़केश्वर थाना क्षेत्र के आउटर रिंग रोड पर भैंसों से भरे एक संदेहास्पद ट्रक (सी.जी.-08-ए. टी.-7177) को रोका। नंदनवार ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही हुड़केश्वर थाने की एक टीम मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। जांच करने पर ट्रक के भीतर 10 से 15 भैंसों को क्रूरता के साथ बांधकर ठूंसा हुआ था।

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में ट्रक चालक और क्लीनर ने कुबूल किया कि, वे इन भैंसों को कामठी से वर्धा जिले के सेलू ले जा रहे थे। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही चालक ने किसी को फोन कर ट्रक पकड़े जाने की जानकारी दे दी।

जब पुलिस टीम मौके पर ई-पंचनामा करने में व्यस्त थी, तभी अचानक एक स्कार्पियो गाड़ी (एम. एच.-31-सी.एन.-9446) वहां आकर रुकी। गाड़ी में से करीब 8 से 10 लोग नीचे उतरे और मौका देखकर प्राणी संरक्षण अधिकारी राम नंदनवार को एक कोने में खींच लिया और उनकी पिटाई कर दी। जब पुलिसकर्मी बीच-बचाव करने दौड़े, तो आरोपियों ने पुलिस टीम के साथ भी धक्का-मुक्की की। चूंकि मौके पर पुलिसकर्मियों की संख्या कम थी, इसलिए तस्कर उन पर भारी पड़ गए और आरोपी पुलिस के कब्जे से भैंसों से भरा ट्रक लेकर रफूचक्कर हो गए।

वारदात के बाद हुड़केश्वर पुलिस ने वायरलेस पर संदेश भेजकर पूरे शहर में नाकाबंदी करवाई। तस्करों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मंगलवार को कामठी इलाके से उस ट्रक को ढूंढ निकाला और उसे जब्त कर लिया। ट्रक के चालक और क्लीनर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार को उन्हें अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस इस बात की भी गहनता से पड़ताल कर रही है कि, प्राणी संरक्षण अधिकारी राम नंदनवार किसी पंजीकृत एनजीओ से जुड़े हैं या किसी सरकारी विभाग से।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.