महिला के साथ अत्याचार का वीडियो बनाकर किया वायरल

0
73

– तीन साल तक किया शोषण, दो के खिलाफ अपराध दर्ज

अमरावती :- धारणी तहसील में एक 31 वर्षीय विधवा महिला के साथ शादी का झांसा देकर तीन साल तक दुष्कर्म करने और उसका अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर धारणी पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपी के नाम अमन राजेश शेलेकर (23), आयुष सोहम मेटकर (24, दोनों निवासी चिखली, तहसील चिखलदरा) है। जानकारी के अनुसार, आरोपी अमन ने पीड़िता से संत्रा बगीचे में काम के दौरान पहचान बढ़ाई। महिला मजदूरी कर अपना गुजारा करती थी और माता-पिता के साथ रहती थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर अपने प्रेम जाल में फंसाया और 1 अक्टूबर 2023 से 30 दिसंबर 2025 तक लिव-इन में रखकर लगातार उसका शोषण किया। इस बीच अमन का दोस्त आयुष ने दोनों के आपत्तिजनक वीडियो चोरी-छिपे मोबाइल में रिकॉर्ड किए। बाद में आयुष ने उन्हीं वीडियो के आधार पर महिला को ब्लैकमेल कर उसके साथ जबरन संबंध बनाने का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध करने पर अमन से शिकायत की गई, लेकिन बाद में उसे पता चला कि दोनों आरोपी आपस में मिले हुए हैं। जब महिला ने अमन से संबंध तोड़ लिए, तब कुछ दिन बाद उसके रिश्तेदारों ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए अश्लील वीडियो की जानकारी उसे दी। इससे आहत होकर महिला ने 11 जनवरी 2026 को धारणी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। धारणी पुलिस ने अमन शेलेकर और आयुष मेटकर के खिलाफ दुष्कर्म, आईटी एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की है।