– कवठा की जिप स्कूलों को दिवाली पर 4 हाईटेक कंप्यूटरों की सौगात
नागपुर :- दिवाली के अवसर पर कामठी तहसील के ग्रामीण विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक की सौगात मिली है। टूफार्म टेक्नो और टूफार्म इंजीनियरिंग की ओर से जिला परिषद की कवठा और म्हसाला स्थित स्कूलों को चार अत्याधुनिक कंप्यूटर भेंट किए गए। कंपनी ने यह कंप्यूटर सीएसआर फंड के तहत उपलब्ध कराए हैं। सौरभ मोहता और कौशल मोहता की पहल पर दिए गए ये कंप्यूटर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक और आधुनिक सॉफ्टवेयर से लैस हैं। इससे ग्रामीण विद्यार्थियों को स्कूल में ही कंप्यूटर शिक्षा और डिजिटल तकनीक सीखने का अवसर मिलेगा।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ना और डिजिटल सुविधाओं की कमी को दूर करना है। कंप्यूटर मिलने से विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया। दिए गए सभी कंप्यूटर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक और आधुनिक सॉफ्टवेयर से सुसज्जित हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब स्कूल में ही कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल तकनीक और आधुनिक सूचना प्रणालियों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

किताबी ज्ञान के साथ तकनीकी शिक्षा भी
आज के डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा केवल एक अतिरिक्त विषय नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक और व्यावसायिक भविष्य की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन चुकी है। ऐसे में ग्रामीण स्कूलों में अत्याधुनिक कंप्यूटर उपलब्ध कराना विशेष महत्व रखता है। इस सुविधा से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ तकनीकी शिक्षा का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होगा। साथ ही उनमें डिजिटल साक्षरता, तकनीकी समझ और नई चीजें सीखने की जिज्ञासा विकसित करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर भाजपा के नागपुर जिला महामंत्री अनिल निधान, कोराडी पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक धुमाल, कवठा के सरपंच निलेश डफरे, उपसरपंच रवि कुहीटे, ग्राम पंचायत सचिव नीलकंठ देवगड़े, ग्राम पंचायत सदस्य शाबान सिद्दीकी, संदीप मेंढे, शंकर बरबटकर, सुनंदा ठाकरे, भाग्यश्री रहांगडाले, नानाभाऊ इंगले,भगवान ठाकरे, सोपान शास्त्री, रघुनाथ इरखेड़े और पुलिस पाटिल उद्धव कुहीटे उपस्थित थे।








