– एडमिशन के लिए पर्सेंटाइल की जगह लागू हो सकती है रैंक आधारित व्यवस्था
नई दिल्ली :- मेडिकल में पीजी (पोस्टग्रेजुएट) में एडमिशन लेने वालों को जल्द ही बदलाव मिल सकता है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की सैद्धांतिक मंजूरी के बाद ये नया सिस्टम जल्द ही लागू हो सकता है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने नीट-पीजी (NEET-PG) और नीट-सुपर स्पेशलिटी (SS) काउंसलिंग के लिए मौजूदा परसेंटाइल-आधारित सिस्टम की जगह रैंक-आधारित सिस्टम लागू करने को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।
केवल रैंक होंगे जारी
नीट-पीजी दाखिले और काउंसलिंग प्रक्रिया की समीक्षा के लिए बनाई गई 12 सदस्यीय विशेषज्ञ समिति ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट को अपनी रिपोर्ट में बताया कि कमीशन एक नए नियम पर काम कर रहा है। इसके तहत केवल रैंक जारी की जाएगी और परसेंटाइल मार्क्स नहीं बताए जाएंगे।
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की बैठक में मिली मंजूरी
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के सचिव द्वारा स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक (DGHS) को एक अक्टूबर 2026 को भेजे गए एक पत्र के अनुसार, 23 सितंबर को हुई NMC की बैठक में इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई थी।
सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई
आयोग ने अभी तक नियमों को अंतिम रूप नहीं दिया है। सुप्रीम कोर्ट उन कई याचिकाओं की जांच कर रहा है, जिनमें नीट पीजी 2025 के लिए क्वालिफाइंग कट-ऑफ परसेंटाइल को काफी हद तक कम करने के केंद्र सरकार के फैसले को चुनौती दी गई है।








