– दो आरोपी गिरफ्तार, तीन तस्करों की तलाश जारी
नागपुर :- शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ क्राइम ब्रांच के एंटी नारकोटिक्स सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 52.700 ग्राम एमडी पाउडर, तीन मोबाइल फोन और एक डिओ मोपेड सहित कुल 2 लाख 68 हजार 100 रुपये का माल जब्त किया गया है।
यह कार्रवाई 3 नवंबर की सुबह करीब 4:10 से 6:20 बजे के बीच सक्करदरा थाना क्षेत्र के भांडेप्लॉट चौक स्थित विशाल मेगामार्ट के सामने की गई। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सार्वजनिक सड़क पर दो युवक डिओ मोपेड के साथ एमडी ड्रग्स बेचने के इरादे से खड़े हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान सूरज गोपालराव कठाने (30) और हर्षल विनोद अवगड (25), दोनों निवासी नंदनवन झोपड़पट्टी, नागपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से जिपलॉक पन्नी में रखा 52.700 ग्राम एमडी पाउडर बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह एमडी ड्रग्स उन्हें हाशिम शेख (25), ईशांत उर्फ गोल्डी निकोलसे (35) और प्रशांत डेपे (32) की मदद से बिक्री के लिए मिला था। पुलिस ने इन तीनों को फरार आरोपी घोषित कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। सक्करदरा पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को जब्त माल के साथ आगे की कार्रवाई के लिए सक्करदरा पुलिस के हवाले किया गया है।








