– 5 दोपहिया वाहनों समेत 3.47 लाख रुपए का माल बरामद
नागपुर :- यशोधरानगर पुलिस ने गश्त के दौरान मिली सूचना के आधार पर शातिर चोर पांचपावली निवासी पीयूष उर्फ गधा दीपक निमजे (20) को पीछा कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 3 घरफोडी और 5 दोपहिया वाहन चोरी करने की कबूली दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण, 5 दोपहिया वाहन और 10 हजार रुपए नकद समेत कुल 3,47,288 रुपए का माल बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि पीयूष चोरी की दोपहिया लेकर पंचवटीनगर मैदान परिसर में घूम रहा है। पुलिस को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। उसके पास मौजूद वाहन चोरी का निकला। पूछताछ में उसने यशोधरानगर के कुंदनलाल गुप्ता नगर में एक चोरी और वाहन चोरी, कांजी हाउस परिसर में चोरी, धम्मदीपनगर में पानठेले से चोरी और वाहन चोरी, हुड़केश्वर के नेहरूनगर में वाहन चोरी तथा पारडी और शांतिनगर थाना क्षेत्र में एक-एक वाहन चोरी करने की जानकारी दी। इन वारदातों में उसका साथी विक्की डेहरिया उर्फ विनोद उर्फ गद्यू लांजेवार भी शामिल था। पुलिस ने विक्की को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है।





