नागपुर के हेमराज पराते को अमेरिका में AI इनोवेशन अवॉर्ड

0
26

नागपुर :- नागपुर के निवासी एवं यशवंतराव चव्हाण कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (वायसीसीई) के पूर्व छात्र हेमराज पराते को अमेरिका की फॉर्च्यून 500 इन्फ्रास्ट्रक्चर कंपनी प्राइमोरिस ने अपने पहले एआई इनोवेशन अवॉर्ड से सम्मानित किया है।

हेमराज पराते और उनकी तीन सदस्यीय टीम को यह सम्मान सार्वजनिक अवसंरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) परियोजनाओं की बोली (बिडिंग), जोखिम मूल्यांकन और निर्णय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने वाले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित प्लेटफॉर्म के विकास के लिए दिया गया। पुरस्कार के साथ टीम को 7,500 अमेरिकी डॉलर की नकद राशि भी प्रदान की गई। यह एआई प्लेटफॉर्म परियोजनाओं का विश्लेषण, जोखिम आकलन, निर्माण पद्धति का मूल्यांकन तथा प्रतिस्पर्धी जानकारी उपलब्ध कराकर बड़ी परियोजनाओं की बिडिंग प्रक्रिया को तेज और सटीक बनाता है।

हेमराज पराते ने वायसीसीई से इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास एट एल पासो (यूटीईपी) से उच्च शिक्षा प्राप्त की। वर्तमान में वे अमेरिका में कार्यरत हैं और पिछले लगभग 15 वर्षों से परिवहन एवं सार्वजनिक अवसंरचना परियोजनाओं से जुड़े हैं। बीते पांच वर्षों से वे 50 लाख डॉलर से लेकर 50 करोड़ डॉलर से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की लागत अनुमान, जोखिम विश्लेषण और बिड रणनीति पर कार्य कर रहे हैं। हेमराज ने कहा कि एआई का उपयोग केवल सॉफ्टवेयर क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि अवसंरचना क्षेत्र में भी इसकी अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने यह उपलब्धि नागपुरवासियों को समर्पित करते हुए उम्मीद जताई कि इससे शहर के युवा इंजीनियर नवाचार और नई तकनीकों की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे।