– पीडब्ल्यूडी की लापरवाही के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
नागपुर :- मानकापुर रिंग रोड़ से श्याम लॉन चौक होते हुए न्यू गांधी लेआउट व गोरेवाड़ा रिंग रोड पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर मंगलवार को कांग्रेस पार्टी एवं आम नागरिकों ने श्याम लॉन चौक पर उम्र आंदोलन किया. यह मार्ग अब आम जनता में ‘मौत का रास्ता’ के नाम से कुख्यात हो चुका है जहां आए दिन जानलेवा दुर्घटनाएं हो रही हैं. उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी पश्चिम नागपुर कृति समिति के शैलेश पांडे द्वारा आंदोलन एवं श्रृंखलाबद्ध अनशन किया गया था जिसके बाद पल्लोटी स्कूल के पास स्पीड ब्रेकर लगाए गए थे, तथा शेष स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाने का पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा लिखित आश्वासन दिया गया था. बावजूद इसके, पिछले एक वर्ष से कोई कार्यवाही नहीं की गई जिससे नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है. आंदोलन के दौरान कार्यकारी अभियंता, जागतिक बैंक प्रकल्प विभाग, नागपुर को ज्ञापन सौंपा गया. आंदोलन के दबाव के चलते जागतिक बैंक प्रकल्प के अभियंता कुरवे मौके पर पहुंचे और 8 दिनों के भीतर सभी चिन्हित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाने का स्पष्ट आश्वासन दिया. आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में कार्य नहीं हुआ तो और भी तीव्र आंदोलन किया जाएगा जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी विभाग की होगी. आंदोलन में प्रमुख रूप से प्रभाग क्रमांक 11 के नगरसेवक शैलेश पांडे, प्रभाग क्रमांक 10 के नगरसेवक प्रमोद सिंह ठाकुर, नगरसेविका सुनीता तभाने, रिजवान रूमवी, शहबाज, राहिल, अप्यु कनौजिया, नथ्थू कोंबाडे, समीर राय, पूर्व नगरसेविका रश्मि उईके, आरिफ, ब्रिजेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और क्षेत्र के नागरिक शामिल हुए, प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्यवाही के आश्वासन के बाद आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त किया गया.




