वित्त विभाग में भ्रष्टाचार का एक और मामला

0
35

– फाइल पास कराने के नाम पर चपरासी ने मांगी रिश्वत

नागपुर :- नागपुर जिला परिषद के वित्त विभाग में भ्रष्टाार का एक और मामला सामने आया है, जहां फाइल मंजूर कराने के नाम पर एक चपरासी द्वारा ठेकेदार से रिश्वत मांगने की घटना उजागर हुई है.

जानकारी के अनुसार, संबंधित ठेकेदार ने सूझबूझ दिखाते हुए रिश्वत लेते समय पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया. यह वीडियो जैसे ही मुख्य लेखा व वित्त अधिकारी तक पहुंचा, विभाग में हडक़ंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत तुरंत जिला परिषद के सीईओ विनायक महामुनि को भेजी गई. बिना किसी देरी के कार्रवाई करते हुए उन्होंने संबंधित चपरासी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया.

सूत्रों के अनुसार, अब इस पूरे प्रकरण में यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस रिश्वतखोरी के पीछे किसी अधिकारी की मिलीभगत तो नहीं है. गौरतलब है कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने में कुछ ही दिन शेष हैं और विभाग पर कार्य का भारी दबाव है, ताकि सरकारी निधि वापस न जाए. ऐसे संवेदनशील समय में भ्रष्टाचार का मामला सामने आना प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गया है.

इस घटना के बाद जिला परिषद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि यदि कोई भी कर्मचारी रिश्वत मांगता है या किसी अधिकारी के नाम पर अवैध वसूली करता है, तो उसकी तत्काल शिकायत करें, अब किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. इस कार्रवाई के बाद नागपुर जिला परिषद के कर्मचारियों में हडक़ंप मचा हुआ है और यह मामला पूरे विभाग के लिए एक सख्त चेतावनी बन गया है.