नागपुर १९ : नागपुर, सूफी संतो की तालीम को आगे बढ़ाते हुए धर्म और जाति के भेद से ऊपर उठकर इंसानियत का पैगाम देने वाले हजरत बाबा सैयद मोहम्मद ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह के १०३वें सालाना उर्स का आगाज शुक्रवार को परचम कुशाई से हुआ. परचम कुशाई में हजारों की संख्या में श्रद्धालु ताजबाग दरगाह शरीफ में पहुंचे. श्रद्धालुओं ने सच्चे मन से आस्था के साथ बाबा सैयद मोहम्मद ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह की मजार की जियारत की.
ताजबाग शाही मस्जिद के इमाम खुर्शीद आलम ने कुरान की तिलावत की. इसके बाद बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह की दरगाह के सज्जादानशीन सैयद युसूफ इक़बाल ताज़ी की सरपरस्ती एवं अमीरे शरीयत मुफ़्ती अब्दुल कदीर खान, मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना तनवीर हाश्मी (कर्णाटक), हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट के चेयरमैन प्यारे जिया खान, सचिव ताज अहमद राजा, उपाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र जिचकार, ट्रस्टी फ़ारूकभाई बावला, गजेंद्रपाल सिंह लोहिया, मुस्तफाभाई टोपीवाला, हाजी इमरान खान ताज़ी सहित सैयद जरबीर बाबा ताज़ी, सैयद तालेब बाबा ताज़ी, दरगाह खुद्दाम कमेटी के अध्यक्ष सैयद मोबीन ताज़ी की प्रमुख उपस्थित में परम्परागत श्रीमंत राजे रघूजीराव भोंसले के हाथो सालाना उर्स की परचम कुशाई की गई. परचम कुशाई के पश्चात इस्तक़बालिया कार्यक्रम हुआ. अवसर पर मुख्य रूप से अतिरिक्त पुलिस आयुक्त डॉ. शिवाजी राठौड़, डीसीपी रश्मिता राव, पूर्व केबिनेट मिनिस्टर अनिस अहमद, मौलाना अज़ीज़ खान मौजूद थे. मुश्ताक मंसूरी ने नाते पाक पेश की. इसके बाद अतिथियों की दस्तारबंदी की गई. मंच संचालन गयासुद्दीन अशरफी ने किया. बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह का सालाना उर्स २९ जुलाई तक मनाया जायेगा. इस दौरान रोजाना विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे. २२ जुलाई २०२५ को सुबह १० बजे ट्रस्ट कार्यालय से बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह का शाही दरबारी संदल निकलेगा. इसकी तैयारी पूर्ण की जा चुकी है.
ट्रस्ट का पैसा ताजबाग के विकास पर खर्च करेंगे : प्यारे जिया खान
परचम कुशाई के बाद दरगाह परिसर में आयोजित बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह के सालाना उर्स के इस्तक़बालिया कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट के चेयरमैन प्यारे जिया खान ने कहा की हज़रत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट की जानिब से मैं आप सभी को 103वें उर्स-ए-पाक की दिली मुबारकबाद पेश करता हूँ. उन्होंने कहा की ट्रस्ट में कई लोग शामिल हैं, लेकिन एक अहम बात कहना जरूरी समझता हूँ कि ट्रस्ट में सिर्फ इंतजामिया कमेटी होती है, और यही कमेटी ताजाबाद की तरक्की और देखरेख की जिम्मेदार है. अगर ताजाबाद को वर्ल्ड मैप पर लाना है, तो हम सबको मिलकर ईमानदारी और इखलास से काम करना होगा. उन्होंने कहा आप सभी को बताते हुए खुशी हो रही है कि जल्द ही ताजबाग में JEE-NEET कोचिंग संस्थान की शुरुआत होने जा रही है, और इसका लोकार्पण भी जल्द किया जाएगा. प्यारे खान ने कहा की मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जी ने 224 करोड़ रुपये का प्रस्ताव मंजूर किया है. हाईपावर कमेटी ने 96 करोड़ का प्रस्ताव पास भी कर दिया है. बाकी की रकम को संशोधित कर प्रस्ताव को आगे बढ़ाया जाएगा. प्यारे खान ने कहा की ट्रस्ट के पास काफी फंड उपलब्ध है, और उसका उपयोग ताजाबाद के विकास व यहां आने वाले जायरीनों की सुविधाओं के लिए किया जाएगा. 84 एकड़ ज़मीन पर बाउंड्री वॉल का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा और उमीद है कि 104वें उर्स से पहले यह काम पूरा हो जाएगा. उन्होंने इस मौके पर नागपुर पुलिस, जिला प्रशासन, और नगर निगम के आयुक्त का शुक्रिया अदा करते हुए कहा की इनकी वजह से सुरक्षा व्यवस्था काफी बेहतर हुई है. यह भी कहा की हमें ताजाबाद से कई समस्याओं और बुराइयों को दूर करना है, और इसके लिए ट्रस्ट की जानिब से पूरी कोशिश जारी रहेगी. कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए ताजबाग ट्रस्ट के सचिव श्री ताज अहमद राजा ने बाबा ताजुद्दीन के सालाना उर्स की सभी को मुबारकबाद दी और इसे एकता, भाईचारे और सौहार्द्र का पर्व बताया. पूर्व मंत्री अनीस अहमद ने भी अपने विचार व्यक्त किये.
मौलाना हाश्मी की तक़रीर में उमड़ी भीड़
सालाना उर्स के पहले दिन दरगाह परिसर में मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना तनवीर हाश्मी साहब की तक़रीर कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ. उन्होंने बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह के संदेशो और तालीमात पर सभी का मार्गदर्शन किया. कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए.







