ताजबाग में 27 जनवरी को बाबा ताजुद्दीन का जन्मोत्सव उत्साह और अकीदत से मनाया जाएगा

0
43

नागपुर :- सूफी संत हजरत बाबा सैयद मोहम्मद ताजुद्दीन रहमतुल्ला अलैह का जन्मोत्सव 27 जनवरी 2026 को बड़ा ताजबाग दरगाह परिसर में पूरे उत्साह और अकीदत के साथ मनाया जाएगा. इस अवसर पर हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट की ओर से ताजबाग परिसर में विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है. ट्रस्टियों ने शुक्रवार को जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर समीक्षा की और परिसर में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. इस अवसर पर हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट के चेयरमैन प्यारे जिया खान, सचिव ताज अहमद राजा, उपाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र ज़िचकार, ट्रस्टी हाजी फारूक बावला, मुस्तफा टोपीवाला, गजेंद्रपाल सिंह लोहिया, हाजी इमरान खान ताजी प्रमुखता से उपस्थित थे.

ट्रस्ट के अनुसार सुबह 10 बजे ताजबाग ट्रस्ट कार्यालय से संदल निकाला जाएगा, जो शहर के विभिन्न इलाकों का गश्त करते हुए पुनः ताजबाग पहुंचेगा. इसके बाद बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्ला अलैह के जन्मोत्सव का केक काटकर उनके जन्मदिन का जश्न मनाया जाएगा. इसके बाद शाम को मगरिब की नमाज के बाद कुरानखानी और मिलाद का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के शामिल होने की संभावना है. ट्रस्ट की जानिब से ताजबाग में श्रद्धालुओं के लिए लंगर की विशेष व्यवस्था भी की गई है. इसके अलावा जन्मोत्सव पर ताजबाग में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे. पुलिस की निगरानी के साथ-साथ परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचा जा सके. बाबा के जन्मोत्सव पर देश में अमन, भाईचारे और शांति के लिए विशेष दुआएं की जाएंगी. ट्रस्ट ने सभी अकीदतमंदों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्ला अलैह की बरकतें हासिल करें.

गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण

हजरत बा बा ताजुद्दीन ट्रस्ट की ओर से 26 जनवरी 2026 गणतंत्र दिवस के अवसर पर ट्रस्ट कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित होगा. ट्रस्ट के चेयरमैन श्री प्यारे जिया खान साहब के हाथों राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया जाएगा. इस दौरान सभी ट्रस्टी, कर्मचारी, खुद्दाम, विद्यार्थी और श्रद्धालु इसमें शामिल रहेंगे.