Saturday, July 4, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

पाकिस्तानी खिलाड़ियों की हरकतों पर BCCI का बड़ा एक्शन, हरिस रऊफ और साहिबजादा के खिलाफ ICC में की शिकायत

भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप के सुपर 4 मुकाबले के दौरान पाकिस्तान के खिलाड़ियों की हरकतों पर अब विवाद गहरा गया है। खबर है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पाकिस्तान के दो खिलाड़ियों- हरिस रऊफ और साहिबजादा फरहान के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) में एक आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। यह शिकायत मैच के दौरान उनके द्वारा किए गए आपत्तिजनक इशारों को लेकर की गई है। बीसीसीआई ने बुधवार को यह शिकायत भेजी है और आईसीसी ने इसे स्वीकार कर लिया है।

क्या थीं पाकिस्तान के खिलाड़ियों की हरकतें?

यह शिकायत साहिबजादा फरहान के ‘बंदूक चलाने वाले जश्न’ से संबंधित है, जो उन्होंने 21 सितंबर को दुबई में भारत के खिलाफ अर्धशतक बनाने के बाद किया था। इस हरकत की सोशल मीडिया पर खूब आलोचना हुई थी। वहीं, इसी मैच में तेज गेंदबाज हरिस रऊफ ने भी उकसावे वाली हरकत की थी। जब भारतीय प्रशंसकों ने 2022 टी20 विश्व कप में विराट कोहली द्वारा लगाए गए छक्कों का जिक्र करते हुए ‘कोहली, कोहली’ के नारे लगाए, तो रऊफ ने भारत की सैन्य कार्रवाई का मजाक उड़ाते हुए विमान गिराने का इशारा किया था। इसके अलावा, रऊफ ने भारतीय ओपनरों अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल के साथ भी मैदान पर बहस भी की थी।

ICC के पास पहुंची शिकायत, हो सकती है बड़ी कार्रवाई

बीसीसीआई की शिकायत के बाद, अब आईसीसी इस मामले में कार्रवाई कर सकता है। अगर साहिबजादा और रऊफ आरोपों से इनकार करते हैं, तो एक आधिकारिक सुनवाई की जाएगी। इस दौरान उन्हें आईसीसी के एलीट पैनल रेफरी रिची रिचर्डसन के सामने पेश होना पड़ सकता है। अगर ये दोनों खिलाड़ी अपने कार्यों को सही साबित करने में विफल रहते हैं, तो आईसीसी की आचार संहिता के अनुसार उनके खिलाफ प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।

साहिबजादा फरहान ने नहीं जताई कोई शर्मिंदगी

इस बीच, साहिबजादा फरहान ने अपने जश्न पर कोई पछतावा नहीं दिखाया है। मैच के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘वह जश्न बस अचानक से निकल आया। मैं शायद ही कभी अर्धशतक बनाने पर जश्न मनाता हूं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘जब मैं वहां पहुंचा तो मुझे अचानक जश्न मनाने का विचार आया, और मैंने ऐसा बिना यह सोचे या परवाह किए किया कि लोग इसकी व्याख्या कैसे करेंगे। हमें किसी भी टीम के खिलाफ आक्रामक क्रिकेट खेलना चाहिए, सिर्फ भारत के खिलाफ नहीं।’

@credit/source: money control

Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.