spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

भंडारा नगर परिषद चुनाव में बड़ी चूक

– ईवीएम में उम्मीदवार का नाम गायब, 7 कर्मचारी निलंबित, 2 अधिकारियों को नोटिस

भंडारा :- भंडारा नगर परिषद सार्वत्रिक चुनाव–2025 की मतगणना के दौरान सामने आई गंभीर लापरवाही से जिले का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। प्रभाग क्रमांक 3 ‘अ’ के मतदान केंद्र क्रमांक 1 पर उपयोग में लाई गई ईवीएम मशीन में नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की उम्मीदवार करुणा राऊत का नाम दिखाई नहीं देने से बड़ा कन्फ्यूजन उत्पन्न हो गया। इस तकनीकी चूक ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस मामले को लेकर एनसीपी ने चुनाव आयोग के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ खिलवाड़ बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया। जिलाधिकारी सावन कुमार ने प्राथमिक जांच के आधार पर चुनाव ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में 7 अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके अलावा 2 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनसे लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।

जिलाधिकारी ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराई जाएगी और जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

क्या है पूरा मामला

प्रभाग क्रमांक 3 ‘अ’ में सदस्य पद के लिए कुल 5 उम्मीदवार और ‘नोटा’ सहित 6 विकल्प होने चाहिए थे। लेकिन ईवीएम मशीन की तैयारी के दौरान उम्मीदवार क्रमांक 5 और 6 के नाम ढंक गए, जिसके कारण वास्तविक मतदान के समय मतदाताओं को केवल 4 उम्मीदवारों के ही विकल्प दिखाई दिए। यह गंभीर मानवीय और तकनीकी त्रुटि मतदान मशीनों की जांच और सीलिंग के दौरान सामने आई।

निलंबित अधिकारी और कर्मचारी

निलंबित किए गए अधिकारियों व कर्मचारियों में शामिल हैं:

· मोहम्मद इसरार – उपविभागीय अधिकारी, आंबाडी उपसा सिंचाई विभाग

· ए. एन. मलपने – पटवारी, चांदोरी

· के. एच. लांजेवार – केंद्राध्यक्ष

· जी. एस. नागदेवे – मतदान अधिकारी

· महेश हेमराज दुर्गाड – कर्मचारी

· लीना देवी चिचमलकर – शिक्षिका, नूतन कन्या स्कूल भंडारा (मतदान अधिकारी)

सभी निलंबित कर्मचारियों के विरुद्ध पृथक विभागीय जांच शुरू की जाएगी। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जिलाधिकारी कार्यालय, भंडारा रहेगा और बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर प्रतिबंध रहेगा।

एनसीपी के जिला अध्यक्ष चरण वाघमारे ने इस मामले में जांच करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस प्रभाग के उम्मीदवार विनयमोहन पशीने और करुणा राऊत ने चुनाव प्रक्रिया में हुई इस गंभीर त्रुटि के खिलाफ न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की चेतावनी दी है।

इस पूरे घटनाक्रम ने भंडारा नगर परिषद चुनाव की निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और अब सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Popular Articles