– मुंबई के कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार का कहर, चारों की उम्र 17 से 23 वर्ष के बीच
मुंबई :- मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह करीब 5.20 बजे तेज रफ्तार बीएमडब्लू कार फ्लाईओवर से करीब 75 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चारों की उम्र 17 से 23 वर्ष के बीच बताई गई है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, बीएमडब्लू कार मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी। तेज रफ्तार के कारण चालक का कार पर नियंत्रण खो गया। इसके बाद कार डिवाइडर से टकराई और फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी। मृतकों की पहचान शनाय गज्जल (21), आदित्य जकसानिया (19) और धैर्य सेठ (17) के रूप में हुई है। घायल की पहचान आदित्य ओसवाल (23) के रूप में हुई है। हादसे के बाद चारों को नायर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। आदित्य ओसवाल का उपचार जारी है। पुलिस के मुताबिक, चारों छात्र थे। शनाय, आदित्य और धैर्य मैनेजमेंट कॉलेज में पढ़ते थे। शनाय अहमदाबाद का रहने वाला था और मुंबई में पीजी में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बीएमडब्लू उसके परिवार की है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एम्बुलेंस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने दुर्घटनाग्रस्त कार की जांच कर आवश्यक नमूने जुटाए। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
10.58 किमी लंबा है कोस्टल रोड
मुंबई कोस्टल रोड करीब 10.58 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड मार्ग है। यह दक्षिण मुंबई के मरीन ड्राइव को बांद्रा-वर्ली सी लिंक के वर्ली छोर से जोड़ता है। मार्ग पर वाहनों की निर्धारित गति सीमा के बावजूद तेज रफ्तार को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं।





