– घर से बिना बताए निकले अनिल गोसेवाडे की पानी में डूबने से मौत
नागपुर :- शहर के समीप कोराडी तालाब में एक 59 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अनिल खुशालराव गोसेवाडे के रूप में हुई है, जो अजनी थाना क्षेत्र के रामेश्वरी स्थित शताब्दी चौक के निवासी थे।
पुलिस के अनुसार, अनिल गोसेवाडे अविवाहित थे और अपने भाई नवीन गोसेवाडे के साथ रहते थे। कुछ समय पहले वह घर से बिना किसी को कुछ बताए अचानक लापता हो गए थे। इस मामले में अजनी पुलिस थाने में लापता के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसी बीच कोराडी तालाब में उनका शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अनिल गोसेवाडे की मौत तालाब के पानी में डूबने से हुई है। उन्होंने किन परिस्थितियों में तालाब में छलांग लगाई, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। फिलहाल, कोराडी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।






