– किसानों और अनाथ बच्चों को बांटी मिठाई, साझा की खुशियां
नागपुर :- दिवाली खुशियों, उत्साह और आपसी प्रेम का त्योहार है। इस पर्व की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचे, इसी उद्देश्य से नागपुर ग्रामीण पुलिस दल की ओर से जिले में विभिन्न सामाजिक उपक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने अनाथ बच्चों, जरूरतमंद परिवारों और सूखे की मार झेल रहे किसानों के साथ दिवाली मनाकर सामाजिक संवेदनशीलता और अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हर्ष ए. पोद्दार तथा अपर पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न पुलिस थानों की ओर से ये आयोजन किए गए। इस दौरान जरूरतमंदों को मिठाई, दिवाली के पकवान और आवश्यक सामग्री वितरित कर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा की गईं।
काटोल पुलिस ने 25 किसानों को बांटी सामग्री
काटोल पुलिस थाना क्षेत्र के येनवा गांव में 25 सूखा प्रभावित किसान परिवारों को दिवाली के अवसर पर आवश्यक सामग्री और मिठाई वितरित की गई। पुलिसकर्मियों ने किसानों से आत्मीयता के साथ बातचीत कर उनकी खेती और पारिवारिक समस्याओं की जानकारी ली।
वडोदा में 10 किसान परिवारों को मदद
वडोदा पुलिस थाना क्षेत्र के वडोदा, आसोली, भुगांव और महालगांव में 10 सूखा प्रभावित किसान परिवारों को मिठाई और जरूरी सामग्री का वितरण किया गया। आर्थिक और प्राकृतिक चुनौतियों का सामना कर रहे इन परिवारों के साथ पुलिसकर्मियों ने समय बिताया।
कोंढाली पुलिस ने किसानों के साथ मनाया पर्व
कोंढाली पुलिस थाना क्षेत्र के अहमदनगर गांव पहुंचकर पुलिसकर्मियों ने सूखा प्रभावित किसानों के साथ दिवाली मनाई। इस अवसर पर किसानों को मिठाई, फराल और आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
डागा बालगृह में बच्चों के साथ मनाई दिवाली
कन्हान पुलिस थाने की ओर से डागा बालगृह में विशेष आयोजन किया गया। पुलिसकर्मियों ने यहां रहने वाले अनाथ बच्चों के साथ दिवाली मनाई तथा उन्हें आवश्यक सामग्री और मिठाई वितरित की। बच्चों से बातचीत कर उनके साथ खुशियों के पल बिताए और उन्हें भी त्योहार के उल्लास में शामिल किया।
नागपुर ग्रामीण पुलिस के इन प्रयासों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों के सुख-दुख में सहभागी बनना भी उसकी सामाजिक जिम्मेदारी है। इस पहल से अनाथ बच्चों और किसान परिवारों के बीच दिवाली की खुशियां बांटने का सराहनीय प्रयास किया गया।






