– आठ कर्मी एसीबी के जाल में
नासिक :- नाशिक जिले के येवला में मंगलवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने वन विभाग के आठ अधिकारियों और कर्मचारियों को हिरासत में लिया। आरोप है कि पेड़ कटाई की अनुमति देने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की गई थी। जानकारी के अनुसार, येवला तहसील के एक व्यक्ति ने अपने क्षेत्र में पेड़ों की कटाई के लिए वन विभाग से नियमानुसार अनुमति मांगी थी। अनुमति जारी करने के लिए विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने नाशिक एसीबी कार्यालय में इसकी औपचारिक शिकायत कर दी। एसीबी की टीम ने मंगलवार को येवला स्थित वन विभाग कार्यालय में जाल बिछाकर आठ लोगों को हिरासत में लिया।
पूछताछ जारी
हिरासत में लिए गए आठ आरोपियों को पूछताछ के लिए येवला के सरकारी विश्रामगृह में ले जाया गया है। एसीबी अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि कितनी रकम बतौर रिश्वत मांगी गई थी और क्या कोई रकम स्वीकार भी की गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दस्तावेजों की जांच और पूछताछ की प्रक्रिया जारी है। देर रात तक सभी आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत येवला पुलिस थाने में मामला दर्ज किए जाने की संभावना है। वन विभाग में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारियों पर कार्रवाई किए जाने की पहली घटना मानी जा रही है।