चंडीगढ़ :- हरियाणा में यमुनानगर जिले के प्रतापनगर में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. बस में सवार होने की जल्दबाजी में कई स्टूडेंट्स नीचे गिर गए. इस दौरान 6 छात्राएं बस के नीचे कुचल गई. बस का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया. इस दौरान एक छात्रा के पेट पर पहिया चढ़ गया, जिससे उसे गहरी चोटें आईं. अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. बाकियों के भी हाथ-पैर में चोटें लगी हैं. इस घटना के बाद बस के ड्राइवर को सस्पेंड कर दिया गया. परिवहन मंत्री अनिल विज ने जांच के आदेश दिए हैं. प्रतापनगर बस स्टैंड पर काफी स्टूडेंट्स अपने स्कूल-कॉलेज जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे. तभी पांवटा साहिब से दिल्ली जाने वाली बस पहुंची. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस अभी पूरी तरह रुकी नहीं थी. इसी बीच भीड़ चढ़ने लगी. बस ने जैसे ही टर्न लिया, अचानक धक्का लगा और छात्राएं नीचे गिर गई. घटना के बाद कॉलेज स्टूडेंट्स ने बस अड्डे पर हंगामा शुरू कर दिया.



