– एक माह से पोल्ट्री फार्म से गायब हो रही थीं मुर्गियां, सर्पमित्र ने किया रेस्क्यू
नागपुर :- शहर के किरनापुर गांव में एक खेत स्थित पोल्ट्री फार्म से लगातार मुर्गियां गायब होने की घटना से संचालक परेशान थे। करीब एक महीने से हो रही इस घटना के पीछे एक विशाल सांप होने का संदेह था। आखिरकार आठ फीट लंबे धामन सांप को सर्पमित्र ने सुरक्षित पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, किरनापुर गांव में एक खेत में पोल्ट्री फार्म संचालित किया जाता है। यहां पिछले एक महीने से अचानक मुर्गियां गायब हो रही थीं। इस दौरान दो बार परिसर में एक बड़ा सांप दिखाई दिया था। इससे पोल्ट्री फार्म के संचालकों और वहां काम करने वाले मजदूरों में डर का माहौल था। आशंका जताई जा रही है कि सांप अब तक 10 से 15 मुर्गियों को अपना शिकार बना चुका था। ऐसे में खेत में मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक बड़ा सांप पेड़ के पास बने गड्ढे में घुसता दिखाई दिया। मजदूरों ने तुरंत अशोक आखरे से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने सर्पमित्र शुभम पराले को मौके पर बुलाया। सर्पमित्र शुभम पराले मौके पर पहुंचकर सावधानीपूर्वक सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। पकड़ा गया सांप धामन प्रजाति का बताया गया है, जिसकी लंबाई करीब आठ फीट थी। सांप के पकड़े जाने से पोल्ट्री फार्म के संचालकों और मजदूरों ने राहत की सांस ली।








