spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

काटोल-नरखेड़ में संभावित जलसंकट से निपटने की तैयारी

– विधायक चरण सिंह ठाकुर ने दिए समीक्षा बैठक मेंआवश्यक उपाय योजनाएं करने के निर्देश

नागपुर/काटोल :- कम बारिश के कारण काटोल और नरखेड़ तहसील में सूखे जैसी स्थिति निर्माण हो गई है। आगामी दिनों में क्षेत्र के कई गांवों में पेयजल संकट उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी सिलसिले में विधायक चरण सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों तहसीलों की मौजूदा जलस्थिति और संभावित जलसंकट से निपटने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उपलब्ध एवं शेष जलभंडार, जलापूर्ति योजनाओं की वर्तमान स्थिति, संभावित जल संकटग्रस्त गांवों तथा आगामी दिनों में पानी की आवश्यकता का जायजा लिया गया। विधायक ठाकुर ने संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध जल स्रोतों का उचित नियोजन करने और सभी क्षेत्रों में पानी का संतुलित वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति करने, बंद एवं खराब जलापूर्ति योजनाओं की तत्काल मरम्मत करने तथा अन्य जरूरी उपाय समय रहते पूरे करने को कहा।

किसी भी गांव में पानी की कमी महसूस न हो

विधायक ठाकुर ने कहा कि काटोल और नरखेड़ तहसील के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को पेयजल के लिए परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय बनाकर प्रत्येक गांव तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। सूखे जैसी स्थिति को देखते हुए जलसंकट से निपटना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को मिलकर काम करना होगा। संभावित जलसंकट को देखते हुए सभी आवश्यक उपाय तत्काल किए जाएं, ताकि किसी भी गांव में नागरिकों को पानी की कमी का सामना न करना पड़े।

बैठक में उपविभागीय अधिकारी पीयूष चिवंडे, नरखेड़ तहसीलदार भागवत पाटिल, काटोल तहसीलदार आभा बोरकर, रेश्मा निकम, काटोल पंचायत समिति के खंड विकास अधिकारी सचिन सूर्यवंशी, नरखेड़ के खंड विकास अधिकारी अक्षय भगत, मुख्याधिकारी अमोल परिहार, किशोर रेवतकर, नरखेड़ तहसील समन्वय समिति के अध्यक्ष शामराव बारई, नगराध्यक्ष मनोज कोरडे, मोवाड़ नगराध्यक्ष दर्शना ढोरे, नगराध्यक्ष योगेश चाफले सहित राजू हरने, संदीप सरोदे, हेमंत जिचकार, उकेश चौहान, हेमंत कावडकर, चंद्रशेखर चिखले, सतीश रेवतकर, प्रवीण लोहे, संजय कामडी, राजेश क्षीरसागर, वैभव राउत, विनायक मानकर, दिलीप तिजारे और नाना मालवी सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित थे।

Popular Articles