– नागपुर पहुंची राहुल गांधी के समर्थन में ‘चलो दिल्ली’ रैली
नागपुर :- कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समर्थन में तेलंगणा से शुरू हुई ‘चलो दिल्ली’ कार रैली के नागपुर पहुंचने पर महाराष्ट्र विधान परिषद के नवनिर्वाचित कांग्रेस सदस्य अभिजीत वंजारी का भव्य सत्कार किया गया। हैदराबाद से शुरू हुई इस रैली में तेलंगणा के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, मेडक और मलकाजगिरी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों तथा टीपीसीसी, एआईसीसी और युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
पूर्व विधायक मयनमपल्ली हनुमंत राव और विधायक मयनमपल्ली रोहित के नेतृत्व में निकाली गई इस कार रैली का उद्देश्य राहुल गांधी के समर्थन में एकजुटता प्रदर्शित करना और कांग्रेस की विचारधारा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता जताना है। नागपुर में दत्तात्रयनगर स्थित वंजारी निवास पर आयोजित कार्यक्रम में रैली में शामिल नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अभिजीत वंजारी का स्वागत एवं सत्कार किया। इस अवसर पर वंजारी ने भी इस पहल को अपना समर्थन देते हुए कांग्रेस की एकजुटता को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। आयोजकों के अनुसार, ‘चलो दिल्ली’ कार रैली केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि एकता, संघर्ष और सामूहिक संकल्प का प्रतीक है। इस अभियान के माध्यम से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के समर्थन में अपनी एकजुटता प्रदर्शित की। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की उपस्थिति रहीं।








