CISF जवान ने साथियों पर चलाई गोलियां, 4 की मौत

0
2

– ड्यूटी बदलने के दौरान विवाद के बाद फायरिंग, आरोपी हेड कांस्टेबल गिरफ्तार

कठुआ (जम्मू-कश्मीर) :-  जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बसोहली स्थित CISF कैंप में मंगलवार शाम एक जवान ने अपने ही साथियों पर सरकारी AK-47 से फायरिंग कर दी। घटना में चार जवानों की मौत हो गई। मृतकों में असिस्टेंट कमांडेंट एवं कंपनी कमांडर अंकित कुमार पांडे, सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल संजीव कुमार और कांस्टेबल मोहम्मद रफीक शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 7 से 7.30 बजे के बीच सेवा-II हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की सुरक्षा में तैनात CISF जवानों के बीच विवाद के बाद हुई। 2009 बैच के हेड कांस्टेबल अबदेश कुमार ने अचानक अपने साथियों पर गोलियां चला दीं। अन्य जवानों ने उसे काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। कठुआ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्वार्टर गार्ड में बच्चे को लाने को लेकर हुआ विवाद

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी जवान की पत्नी पूजा और उसके बच्चे को क्वार्टर गार्ड में आने से रोकने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद जवान मेस सेक्शन पहुंचा, जहां चार जवान मौजूद थे। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और उसने फायरिंग कर दी। हालांकि, घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

CISF मुख्यालय ने मामले की कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए हैं। डीजी CISF पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं।

पांच साल में 24 जवानों की मौत

गृह मंत्रालय के अनुसार, 2021 से 2025 के बीच केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में आपसी गोलीबारी (Fratricide) की घटनाओं में 24 जवानों की मौत हुई। इनमें 2021 में 11, 2022 में 6, 2023 में 2, 2024 में 1 और 2025 में 4 जवानों की मौत हुई।

सरकार ने ऐसी घटनाओं के पीछे व्यक्तिगत एवं घरेलू समस्याएं, पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव, काम से जुड़ी परेशानियां और छोटी-छोटी बातों पर आपा खो देना जैसे कारण बताए हैं।