– गांधी चौक-इतवारा बाजार मार्ग पर परकोट की रेलिंग चोरी
अमरावती :- शहर के व्यस्ततम क्षेत्र गांधी चौक से इतवारा बाजार तक स्थित परकोट की दीवार पर सौंदर्याकरण के तहत लगाई गई लोहे की रेलिंग लगातार चोरी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय नागरिक सैयद मसरूर आलम (साबनपुरा) ने अमरावती महानगर आयुक्त को लिखित शिकायत देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में बताया गया है कि परकोट की दीवार पर लगाई गई रेलिंग को अज्ञात लोग रात में उखाड़कर ले जा रहे हैं। क्षेत्र में प्रतिदिन देर रात शराब पीकर उपद्रव करने वाले लोगों की आवाजाही रहती है। साथ ही, कभी कभी घूमंतु तत्वों द्वारा भी इस तरह की घटनाएं किए जाने की आशंका जताई गई है। उन्होंने महानगर प्रशासन से पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा पार्क क्षेत्र की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में शिकायत की प्रतिलिपि सिटी कोतवाली थानेदार और पुलिस आयुक्त को भी प्रेषित की गई है। नागरिकों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की अपेक्षा व्यक्त की है।