– मनपा की संपत्ति कर वसूली के लिए जब्ती और नीलामी की तैयारी
नागपुर :- संपत्ति कर की बकाया राशि वसूलने के लिए नागपुर महानगरपालिका ने सख्ती बढ़ाने का निर्णय लिया है। मनपा आयुक्त डॉ. विपिन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जोन के सबसे बड़े संपत्ति कर बकायेदारों की सूची तैयार कर उनसे तत्काल वसूली की जाए। कर भुगतान में टालमटोल करने वालों की संपत्ति जब्त करने के साथ ही जरूरत पड़ने पर उसे नीलामी में निकालने की कार्रवाई भी की जाए।
बकाया संपत्ति कर राशि की वसूली के लिए मनपा की ओर से चलाए जा रहे संपत्ति कर वसूली अभियान के तहत अधिकारियों और कर संग्रहकों की कार्यशाला आयोजित की गई। आयुक्त डॉ. विपिन की अध्यक्षता में हुई इस कार्यशाला में अतिरिक्त आयुक्त अंकित, अतिरिक्त आयुक्त मिलिंद मेश्राम, मुख्य अभियंता लीना उपाध्ये, उपायुक्त गणेश राठौड़, सहायक आयुक्त धनंजय जाधव, नरेंद्र बावनकर, अनिकेत धोपड़, विकास रायबोले और राजकुमार मेश्राम उपस्थित थे। मनपा की संपत्ति कर वसूली मुहिम 20 अगस्त से शुरू होकर 30 सितंबर तक चलेगी। अब तक अभियान के तहत मनपा की तिजोरी में 18 करोड़ 90 लाख रुपए जमा हुए हैं। आयुक्त ने वसूली की मौजूदा गति को कम बताते हुए प्रत्येक सहायक आयुक्त को अपने-अपने जोन के शीर्ष 100 बकायेदारों की सूची तैयार कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वसूली कार्रवाई के दौरान पुलिस सुरक्षा या उपद्रव शोध दल (एनडीएस) की आवश्यकता होने पर संबंधित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
बकायेदारों के नल कनेक्शन काटने के निर्देश
आयुक्त डॉ. विपfन ने बकायेदारों की इमारतों के नल कनेक्शन काटने और गटर लाइन का कनेक्शन बंद करने की कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। खुले भूखंडों पर बकाया होने की स्थिति में संबंधित भूखंड को नीलामी में निकालने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को यह भी निर्देश दिया कि वसूली कार्रवाई के दौरान गाली-गलौज करने अथवा सरकारी काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाए। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि संपत्ति कर वसूली अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।








