दूषित पानी बना काल : उल्टी-दस्त से 6 माह के बच्चे सहित 9 की मौत

0
55

– पेयजल संकट पर सरकार सख्त: दो अधिकारी निलंबित

इंदौर :- इंदौर के सुनील साहू ने बुधवार को दावा किया कि दूषित पेयजल से फैले उल्टी दस्त के प्रकोप के कारण उसके 6 माह के बेटे अव्यान की 2 दिन पहले मौत हो गई. स्थानीय लोगों का दावा है कि भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से बीमार होने के बाद हफ्ते भर में 9 लोग दम तोड़ चुके हैं जिनमें 6 माह का बच्चा और 6 महिलाएं शामिल हैं. साहू ने दावा किया कि दूषित पेयजल के कारण उनके बेटे को उल्टी-दस्त की समस्या हुई जिससे उसकी मौत हो गई. इस मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर जोनल अधिकारी शालिग्राम सितोले और सहायक अभियंता योगेश जोशी को निलंबित कर दिया है और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के प्रभारी उप-यंत्री शुभम श्रीवास्तव को सेवा से बर्खास्त कर दिया है. जांच के लिए आईएएस अधिकारी नवजीवन पवार की अध्यक्षता में 3 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है. वहीं अदालत ने इस मुद्दे पर 2 दिनों के भीतर स्थिति रिपोर्ट भी मांगी है. यह निर्देश एक जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान दिए. राज्य कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने यादव से जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. गुजरे एक हफ्ते के दौरान शहर के भागीरथपुरा क्षेत्र में उल्टी-दस्त के प्रकोप से 1,100 से ज्यादा लोग किसी न किसी रूप में प्रभावित हुए हैं जिनमें से करीब 150 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया है. पहली नजर में लीकेज के कारण पेयजल की पाइपलाइन में ड्रेनेज का गंदा पानी मिलने के कारण भागीरथपुरा में उल्टी-दस्त का प्रकोप फैला.