– निको हेवी इंजीनियरिंग कास्टिंग में दर्दनाक हादसा
नागपुर :- एमआईडीसी थाना क्षेत्र स्थित निको हेवी इंजीनियरिंग कास्टिंग लिमिटेड में सोमवार सुबह काम के दौरान कन्वेयर बेल्ट में हाथ फंसने से 30 वर्षीय कामगार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कामगार का हाथ कंधे से अलग हो गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन मेडिकल अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान रोहित रामदुलार चौबे (30), निवासी पंचशील नगर, इसासनी, हिंगणा रोड, नागपुर के रूप में हुई है। रोहित प्लॉट नंबर 65/2 स्थित कंपनी में रोज की तरह सुबह काम पर पहुंचा था। सुबह करीब 8.30 बजे वह लोहा पिघलाने वाली भट्टी के पास रेती-मिट्टी ऊपर ले जाने वाली क्रेन पर काम कर रहा था। इसी दौरान उसका एक हाथ क्रेन के कन्वेयर बेल्ट में फंस गया। बेल्ट की चपेट में आते ही उसका हाथ कंधे से अलग हो गया।

हादसे के बाद आसपास काम कर रहे कर्मचारियों ने तत्काल क्रेन बंद की और रोहित को नीचे उतारा। अलग हुआ हाथ भी साथ लेकर उसे डिगडोह स्थित लता मंगेशकर अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल अस्पताल रेफर किया। मेडिकल पहुंचते ही डॉक्टरों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि रोहित पहले प्लंबर सहायक के रूप में काम करता था और अलग स्थान पर कार्य करता था। सहकर्मियों के अनुसार, पहली बार उसे इतनी ऊंचाई पर काम करने के लिए भेजा गया था। रोहित के परिवार में पत्नी और महज चार माह का बच्चा है। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एमआईडीसी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





