– विकास कार्यों पर उठे सवाल, संघर्ष समिति ने खोला मोर्चा
नागपुर :- नागपुर हज हाउस के सौंदर्यीकरण और रखरखाव के लिए मंजूर विकास निधि में कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए नागपुर हज हाउस बचाओ संघर्ष समिति ने विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हाजी अनीस अहमद के नेतृत्व में समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हज हाउस के मुख्य द्वार के सामने धरना देकर विभिन्न समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने बंद लिफ्ट, जर्जर छत, खराब कंपाउंड, रंगरोगन की कमी, अग्निशमन उपकरणों की अवधि समाप्त होने और बंद मुख्य द्वार का मुद्दा उठाया।
समिति के अध्यक्ष डॉ. अनीस अहमद ने बताया कि हज हाउस की मरम्मत, सौंदर्यीकरण और रखरखाव के लिए पिछले पांच वर्षों से लगातार मांग की जा रही है। इन मांगों के बाद महाराष्ट्र सरकार के अल्पसंख्यक विकास विभाग ने करीब 7 करोड़ रुपये की विकास निधि मंजूर की थी। इसमें वर्ष 2025-26 के दौरान 1 करोड़ 20 लाख रुपये की राशि भी स्वीकृत की गई। इसके बावजूद हज हाउस की बुनियादी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। परिसर के बगीचे का सौंदर्यीकरण और अन्य आवश्यक कार्य भी लंबित हैं। प्रदर्शन के दौरान उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब डॉ. अनीस अहमद हज हाउस पहुंचे। आरोप है कि महाराष्ट्र राज्य हज समिति की अधीक्षक के निर्देश पर वहां तैनात सुरक्षा गार्ड ने मुख्य द्वार बंद कर दिया और उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। गार्ड ने वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश का हवाला देते हुए द्वार खोलने से इनकार कर दिया। इसके बाद डॉ.अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य द्वार के सामने धरना प्रदर्शन किया।
डॉ. अनीस अहमद ने कहा कि हज हाउस के विकास और रखरखाव के लिए सरकारी निधि मंजूर होने के बावजूद परिसर की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की शिकायत मुंबई स्थित मंत्रालय में अल्पसंख्यक विभाग के मुख्य सचिव, सार्वजनिक निर्माण विभाग के मंत्री और अल्पसंख्यक विकास मंत्री से की जाएगी। संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। इस अवसर पर नागपुर हज हाउस बचाओ संघर्ष समिति के सचिव हाजी मोहम्मद कलाम, नगरसेवक वसीम खान, नगरसेविका सैयदा खातुन निजाम अंसारी, शकील खान, पूर्व नगरसेवक फिरोज खान, सलीम सोफी, हाजी असदउल्लाह मास्टर, मुख्तार अंसारी, अतीक कुरैशी, इन्नु कुरैशी, शमीम सिद्दीकी, वहाब मंसुरी, मुश्ताक मंसुरी, इफ्तेखार अहमद नवाब, कौसर अंसारी, मेहुल अडवानी, पीयूष ठाकरे, अभिजीत दिनेश ठाकरे, अफजल शाटा, अजहर शेख, नकील अहमद, हाजी सफर, गोपाल पट्टम और श्रीकांत ढोलके सहित अनेक लोग धरना प्रदर्शन में शामिल हुए।






