नागपुर :- जिले में अवैध रेती तस्करी एक बार फिर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। पारशिवनी तहसील के अंतर्गत पेंच नदी किनारे स्थित पालोरा रेती घाट से करोड़ों रुपये की रेती तस्करी का मामला सामने आया है, जहां लंबे समय तक बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन होता रहा और प्रशासन को भनक तक नहीं लगी।
नागपुर जिले की पारशिवनी तहसील अंतर्गत पेंच नदी के किनारे स्थित पालोरा रेती घाट से रेती तस्करों ने करोड़ों रुपये की रेती अवैध रूप से निकाल ली। हैरानी की बात यह है कि राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन को इसकी कोई सूचना नहीं मिल पाई। स्थानीय नागरिकों द्वारा आवाज उठाए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया और तस्करी के मार्ग को अवरुद्ध करने के लिए रास्ते में गड्ढा खोद दिया गया। जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी द्वारा नागपुर जिले के सभी रेती घाटों को आधिकारिक रूप से बंद किए जाने के बावजूद घोघरा, बाबुलवाड़ा, मेंहदी, पिपला, गवना, गरंडा, डोरली, बखारी और माहुली क्षेत्रों से बड़े पैमाने पर रेती तस्करी जारी है। यह तस्करी प्रशासन की नाक के नीचे हो रही है, लेकिन अब तक न तो ठोस कार्रवाई हो सकी है और न ही किसी बड़े तस्कर पर शिकंजा कसा गया है।




