– प्रशासन में हड़कंप, पौधों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
नागपुर :- शहर में अवैध नशे के कारोबार को लेकर पहले से चिंता बनी हुई है। इसी बीच नागपुर महानगरपालिका के एक सार्वजनिक उद्यान में गांजे जैसे पौधे मिलने का दावा सामने आने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। स्थानीय नागरिकों ने कथित पौधों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
जानकारी के अनुसार यह मामला लक्ष्मीनगर जोन अंतर्गत गजानन नगर स्थित सार्वजनिक उद्यान का है। स्थानीय नागरिकों का दावा है कि उद्यान में गांजे जैसे कई पौधे दिखाई दिए। उन्होंने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर इसे सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसके बाद उद्यान विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय असामाजिक तत्व और कुछ युवक अक्सर इस उद्यान में आते-जाते हैं। इस संबंध में पिछले कई महीनों से शिकायतें भी की जाती रही हैं। लक्ष्मीनगर जोन की सभापति लक्ष्मी यादव ने भी इस पर चिंता जताई। उनके पुत्र करण यादव ने उद्यान का निरीक्षण करने के बाद दावा किया कि जॉगिंग ट्रैक के पास मोगरे की झाड़ियों में गांजे जैसे कई पौधे छिपाकर लगाए गए हैं।
मामले की जांच के आदेश
उद्यान विभाग के उपायुक्त गणेश राठौड़ ने सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई अनियमितता या आपत्तिजनक तथ्य सामने आते हैं, तो जिम्मेदार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षाकर्मियों की कमी
राठौड़ ने बताया कि नागपुर महानगरपालिका के अधीन 204 सार्वजनिक उद्यान हैं, लेकिन सभी उद्यानों में सुरक्षा गार्ड उपलब्ध नहीं हैं। संवेदनशील उद्यानों में चरणबद्ध तरीके से सुरक्षा गार्ड तैनात करने की नीति तैयार की जा रही है। धंतोली थाना के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक साईनाथ रामोद ने बताया कि इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि, यदि शिकायत मिलती है तो नियमानुसार जांच की जाएगी।
फिलहाल, वायरल वीडियो के आधार पर मामला चर्चा में है। यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि संबंधित पौधे वास्तव में गांजे के हैं या नहीं। इस घटना ने सार्वजनिक उद्यानों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।




