spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

डकैती की तैयारी कर रही गैंग को दबोचा

– घातक हथियारों के साथ चार आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग

नागपुर :- अजनी पुलिस ने डकैती की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रही एक गैंग को वारदात से पहले ही दबोच लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक 17 वर्षीय नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से तलवार, लोहे की सरिया, चाकू, मिर्च पाउडर, नायलॉन की रस्सी और डंडा समेत करीब 1 लाख 10 हजार रुपये का माल जब्त किया गया।

पुलिस के अनुसार, अजनी पुलिस की टीम ओंकार नगर चौक से बेलतरोड़ी सीमेंट रोड की ओर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ युवक घातक हथियारों के साथ डकैती की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्धों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से लोहे की तलवार, सरिया, स्टील का चाकू, मिर्च पाउडर, नायलॉन की रस्सी और डंडा बरामद हुआ। पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर लिया। कार्रवाई में कुल करीब 1.10 लाख रुपये का माल जब्त करने की जानकारी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूर्या उदयभान हातागड़े (18), शेखर हरि हातागड़े (19), महेंद्र जगन माणकर (21) और शिवा जसपाल पारसे (19) के रूप में हुई है। इनके साथ एक 17 वर्षीय नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी सूर्या हातागड़े के खिलाफ पहले से विभिन्न मामले दर्ज हैं। इस मामले में अजनी पुलिस थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे और गैंग में इनके अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.