spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

लाखों अनुयायियों के स्वागत को दीक्षाभूमि तैयार

– सुरक्षा से लेकर पानी-स्वच्छता तक मनपा की पुख्ता व्यवस्था

नागपुर :- धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस के अवसर पर दीक्षाभूमि में देशभर से लाखों बौद्ध अनुयायी पहुंचते हैं। उनके लिए नागपुर महानगरपालिका द्वारा विभिन्न मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जाती है। इन सभी सुविधाओं की पूर्व तैयारी सुनियोजित तरीके से करने तथा दीक्षाभूमि पर तैनात सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश महापौर निता ठाकरे ने दिए।

धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस की तैयारियों और दीक्षाभूमि परिसर में उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की समीक्षा के लिए मंगलवार,1 सितंबर को मनपा मुख्यालय स्थित डॉ. पंजाबराव देशमुख स्मृति स्थायी समिति सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर नीता ठाकरे ने की। बैठक में उप महापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी-वखरे, परिवहन समिति सभापति मंगला खेकरे, लक्ष्मीनगर जोन सभापति तारा यादव, मनपा आयुक्त डॉ. विपिन, अतिरिक्त आयुक्त अंकित, पुलिस उपायुक्त ऋषिकेश रेड्डी, संदीप पखाले, अतिरिक्त आयुक्त मिलिंद मेश्राम, उपायुक्त राजेश भगत, मुख्य अभियंता लीना उपाध्ये, सहायक आयुक्त धनंजय जाधव, वैद्यकीय स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दीपक सेलोकर, मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. गजेंद्र महल्ले, कार्यकारी अभियंता विजय गुरुबक्षाणी, राजेंद्र राठौड़, रवींद्र बुंधाड़े और श्रीकांत वाईकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में डॉ. बाबासाहब आंबेडकर स्मारक समिति के अध्यक्ष भदंत नागार्जुन सुरई ससाई के अलावा जोनल स्वच्छता अधिकारी, एनएमआरडीए, महावितरण के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। महापौर ठाकरे ने निर्देश दिए कि धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस के अवसर पर 18 से 22 अक्टूबर तक दीक्षाभूमि एवं आसपास के क्षेत्रों में नागरिकों के लिए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि अनुयायियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल सहायता मिल सके, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था की जानी चाहिए।

इसके तहत नियंत्रण कक्ष की स्थापना, परिसर में स्वच्छता, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेयजल, शौचालय और परिवहन सेवा की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया। मनपा आयुक्त डॉ. विपिन ने मनपा, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को संयुक्त रूप से परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस के दौरान बड़ी संख्या में अनुयायी अंबाझरी तालाब पहुंचते हैं। इसे देखते हुए सुरक्षा के लिए वहां अग्निशमन विभाग की टीम, नाव और राज्य आपदा प्रबंधन दल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। दीक्षाभूमि परिसर में लगाए जाने वाले स्टॉलों पर सिलेंडर अथवा अन्य ज्वलनशील वस्तुओं के इस्तेमाल पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

बैठक की शुरुआत में अतिरिक्त आयुक्त मिलिंद मेश्राम ने मनपा की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सुविधाओं और तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.