– वारकरी गुरुकुल प्रमुख पर दो नाबालिगों के यौन शोषण का आरोप
रत्नागिरी के खेड़ तालुका, लोटे स्थित आध्यात्मिक वारकरी गुरुकुल के प्रमुख, भगवान कोकरे महाराज, एक बार फिर गंभीर यौन शोषण के आरोपों के घेरे में आ गए हैं. दो दिन पहले एक नाबालिग लड़की द्वारा छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद, अब एक और नाबालिग पीड़िता ने उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई है. इस नई शिकायत ने तथाकथित ‘डर्टी बाबा’ के मामले को और भी संवेदनशील बना दिया है, जिससे नागरिकों में गहरा आक्रोश है. खेड़ पुलिस ने इस नई शिकायत के आधार पर गुरुकुल प्रमुख भगवान कोकरे महाराज, उनके सहयोगी आध्यात्मिक गुरु प्रीतेश कदम, और पीड़िता की चाची रोहिणी संतोष वामन के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, यह घिनौनी घटना 16 अक्टूबर 2024 से 18 जून 2025 के बीच लोटे में आध्यात्मिक वारकरी गुरुकुल में हुई थी. पीड़िता ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि गुरुकुल में धार्मिक शिक्षा और साधना के नाम पर कोकरे महाराज ने उसका यौन शोषण किया. उसने यह भी बताया कि इस कृत्य में टीचर प्रीतेश कदम और चाची रोहिणी वामन भी शामिल थे. इस आधार पर, खेड़ पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ इंडियन पीनल कोड, भारतीय न्याय संहिता और प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंस एक्ट, 2012 की संबंधित धाराओं – जिनमें धारा 4 और 8 शामिल हैं – के तहत मामला दर्ज कर लिया है.




