बेंगलुरु :- बेंगलुरु के ग्रामीण इलाके गंगोदनहल्ली गाँव से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस गाँव की एक महिला के साथ तीन लोगों ने सामूहिक बलात्कार किया। घटना बुधवार रात 9:30 बजे से 12:15 बजे के बीच हुई। पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी नशे की हालत में गंगोदनहल्ली गाँव से गुजर रहे थे। उसी दौरान उन्होंने महिला के घर का दरवाजा खटखटाया। महिला द्वारा दरवाजा खोलने के बाद, तीनों जबरन घर में घुस गए।
पीड़िता मूल रूप से कर्नाटक की निवासी नहीं है, बल्कि दूसरे राज्य से बेंगलुरु आई है। वह गंगोदनहल्ली गाँव में किराए के मकान में रहती है। घटना के बाद, उसने तुरंत मदनायकनहल्ली पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई। उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों के साथ उनके दो और साथी भी थे। पुलिस उनकी भी तलाश कर रही है। घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि महिला के साथ बलात्कार करने के बाद, आरोपियों ने उसके घर से दो मोबाइल फोन और 25,000 रुपये लूट लिए। महिला द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद, उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया। बेंगलुरु ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक सी. के. बाबा ने कहा, “पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दो और आरोपी अभी फरार हैं। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें भेजी गई हैं।




