– ‘बिना डर और चिंता के परीक्षा दें छात्र, बच्चों के भविष्य के साथ न हो खिलवाड़’
नई दिल्ली :- नीट-यूजी की दोबारा आयोजित होने जा रही परीक्षा को लेकर देश के केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रों और अभिभावकों के नाम एक महत्वपूर्ण संदेश जारी किया है। शिक्षा मंत्री ने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए देश के जिम्मेदार नागरिकों और राजनेताओं से बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न करने की अपील की है।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, “आज नीट – की दोबारा परीक्षा होने जा रही है। मुझे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी, सभी राज्य सरकारों, जिला प्रशासनों, भारतीय शिक्षा क्षेत्र और विशेष रूप से भारत के छात्रों पर पूरा भरोसा है। कुछ ही समय में देश के लगभग 22 लाख छात्र इस परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं।”
छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने कहा, “बिना किसी डर और चिंता के परीक्षा में बैठें, आप निश्चित रूप से बेहतर करेंगे। छात्रों के प्रति मेरी यही शुभकामनाएं हैं। उनका भारत की व्यवस्था पर अटूट विश्वास है और यह विश्वास हमेशा बना रहेगा।”
विपक्ष बच्चों के भविष्य का मजाक न बनाएं : प्रधान
केंद्रीय मंत्री ने एक अभिभावक और सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए तीखे शब्दों में कहा, “मैं आप सभी से अनुरोध करता हूं कि कृपया भारत की नई पीढ़ी के भविष्य को खतरे में न डालें। कोई भी इसका मजाक न बनाए। हमें ऐसा कुछ भी नहीं करना चाहिए जिससे बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़े।”
विपक्ष और कुछ चेहरों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “अतीत में, भारत के कुछ तथाकथित जिम्मेदार लोगों ने इस संवेदनशील मुद्दे पर बेहद गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार किया है। उन्होंने अपने छिपे हुए इरादों और दुर्भावना के साथ बच्चों का इस्तेमाल किया। अगर आप जिम्मेदार हैं, खुद को भारत का सच्चा नागरिक मानते हैं और जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं, तो कृपया जिम्मेदारी से व्यवहार करें। भारत के बच्चों को और अधिक मानसिक कष्ट या परेशानी न दें।”




