– जब तक देवाभाऊ है, लाड़ली बहन योजना बंद नहीं होगी
अकोला :- महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में गेमचेंजर साबित हुई लाड़ली बहन योजना का असर अब स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनावों में भी देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपनी-अपनी प्रचार सभाओं में लाड़ली बहन योजना जारी रहने का आश्वासन दे रहे हैं। मंगलवार को हिवरखेड़ में आयोजित प्रचार सभा में फडणवीस ने वादा भी किया कि जब तक देवाभाऊ मुख्यमंत्री है तब तक लाड़ली बहन योजना बंद नहीं होगी।फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में शहरी और ग्रामीण विकास का संकल्प लिया गया है। विकास को ट्रिपल इंजन लगाने और केंद्र व राज्य सरकार द्वारा विकास कार्य के लिए दी गई धनराशि का उपयोग करने के लिए भाजपा के उम्मीदवारों को विजयी बनाएं। हिवरखेड़, अकोट तथा तेल्हारा की सड़कों का निर्माण किया जाएगा। रेलवे लाइन के माध्यम से किसानों को सुविधाएं प्रदान की जाएगी। जिससे उनका कृषि माल बाहर जा सके। हिवरखेड़, तेल्हारा, अकोट नगर परिषद चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों के प्रचार के लिए केवलराव देशमुख के खेत में आयोजित संवाद मतदाता विजय संकल्प सभा में वे बोल रहे थे। मंच पर भाजपा के सांसद एवं विधायक उपस्थित थे। भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से मुख्यमंत्री को चांदी की गदा भेंट की गई।








