– ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष
नागपुर :- अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शुक्रवार को शहर में गणेश विसर्जन शोभायात्राओं का सिलसिला शुरू हो गया। ढोल-ताशों की गूंज, गुलाल की बौछार और ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष से शहर का माहौल भक्तिमय हो गया। घरेलू और सार्वजनिक गणेश मंडलों में स्थापित गणपति की प्रतिमाओं को श्रद्धालु भावपूर्ण विदाई देने के लिए विसर्जन स्थलों की ओर ले जा रहे हैं।
शहर के विभिन्न गणेश मंडलों की शोभायात्राएं पारंपरिक ढोल-ताशों और भक्ति संगीत के साथ निकलीं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु शोभायात्राओं में शामिल होकर ढोल-ताशों की ताल पर थिरकते नजर आए। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे पर गुलाल उड़ाकर उत्सव मनाया। उत्साह और उमंग के बीच बाप्पा को विदाई देते समय कई श्रद्धालु भावुक भी नजर आए। बड़ी संख्या में शोभायात्राओं को देखते हुए प्रशासन की ओर से विसर्जन स्थलों और प्रमुख मार्गों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि विसर्जन समारोह सुचारु रूप से संपन्न हो सके।




