– मॉर्निंग वॉक बना आखिरी सफर, चालक पर केस दर्ज
नागपुर :- गिट्टीखदान थाना क्षेत्र में शराब के नशे में तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चलाने वाले चालक ने मॉर्निंग वॉक पर निकले 74 वर्षीय बुजुर्ग को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रविवार 30 अगस्त की सुबह करीब 6 से 6.15 बजे के बीच अवस्थी नगर निवासी कैलास नत्थुराम सौंधिया (74) रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए जापानी गार्डन चौक से लोकभवन रियर गेट चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान फॉरेस्ट ऑफिस परिसर के पास सफेद रंग की इनोवा कार क्रमांक एमएच-31/ जीडी-0088 के चालक प्रशांत नगर, मानकापुर निवासी तुषार रामरतन काकडे (32) ने शराब के नशे में कार तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए कैलास सौंधिया को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कैलास सौंधिया गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक के भतीजे चेतन सतीश सौंधिया (40) की शिकायत पर गिट्टीखदान पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 281 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184, 185 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस उपनिरीक्षक राठौड़ मामले की जांच कर रहे हैं।





