spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

प्रॉपर्टी विवाद पर फायरिंग, 6 गिरफ्तार

– घोटाल पांजरी में वारदात, कार्तिक धार्मिक को लगीं दो गोलियां, एक फरार

नागपुर :- बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र के घोटाल पांजरी में प्रॉपर्टी और पैसों के पुराने विवाद को लेकर फायरिंग की घटना सामने आई है। इसमें कार्तिक उर्फ शुभम धार्मिक घायल हुआ। घटना के बाद क्राइम ब्रांच की सात टीमों ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपी फरार है।

पुलिस के अनुसार, घटना 10 सितंबर की रात करीब 11.50 बजे श्री स्वामी समर्थ मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के सामने घोटाल पांजरी रोड पर हुई। प्रॉपर्टी और पैसों के लेन-देन को लेकर कार्तिक का सुनील बानाईत और चंद्रमणि नगराले से विवाद चल रहा था। बातचीत के लिए दोनों पक्ष घोटाल पांजरी में एकत्रित हुए। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि आनंद ठाकुर ने बंदूक से फायरिंग कर दी। कार्तिक को दो गोलियां लगीं और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। क्राइम ब्रांच की सात टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सीओसी कैमरों और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया। साइबर टीम ने मोबाइल नंबरों के सीडीआर और लोकेशन की भी जांच की।जांच के दौरान कुछ आरोपियों के बूटीबोरी की ओर जाने की जानकारी मिलने पर नाकाबंदी की गई। इसके बाद अलग-अलग स्थानों से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सुनील पांडुरंग बानाईत (48), आनंद सुरेश ठाकुर (30), चंद्रमणि डोमाजी नगराले (55), शुभम संजय दिवेकर (29), निलेश नरेश टेंभुर्णे (26) और धर्मेंद्र उर्फ सोनू ठाकुर शामिल हैं। आकाश यादव फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कार क्रमांक एमएच-40/सीए-5320 और एमएच-49/एई-6232 बरामद की हैं।

बेलतरोड़ी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और भारतीय शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और घटना के पीछे के पूरे विवाद की जांच कर रही है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.