नागपुर :- राणाप्रताप नगर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मंगलमूर्ति चौक स्थित सुकून फैमिली होटल के एक कमरे में चल रहे जुआ अड्डे पर छापा मारकर छह जुआरियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ताश के पत्तों पर रुपए की बाजी लगाकर हार-जीत का जुआ खेल रहे थे।
पुलिस के अनुसार, देर रात करीब 2.20 से 3 बजे के बीच सूचना मिली थी कि होटल के एक कमरे में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने होटल में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान सुभाष नगर निवासी प्रणव किशोर उज्जैनकर (23), संत तुकडोजी नगर निवासी अस्मीत राजेंद्र बागडे (24), सुभाष नगर निवासी अमित दत्तु पसेरकर (22), जयताला निवासी प्रणय नत्थुजी माकडे (26), सुभाष नगर निवासी रजत राजेंद्र सातपुते (30) और बॉबी अनिल घाटे (28) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से जुआ खेलने में इस्तेमाल ताश के पत्ते, तीन मोबाइल फोन और 21,500 रुपए नकद बरामद किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 58,550 रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।





